सोशल मीडिया पर चोरी और ठगी के हैरान करने वाले वीडियो अक्सर सामने आते रहते हैं। हाल ही में एक ज्वेलरी शॉप से चोरी का ऐसा ही रोंगटे खड़े कर देने वाला वीडियो वायरल हो रहा है। दुकान में ग्राहक बनकर आई महिलाओं की एक टोली ने दुकानदार की छोटी सी लापरवाही का फायदा उठाया और पलक झपकते ही काउंटर से गहनों पर हाथ साफ कर दिया। चोरी का यह अंदाज दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ है।
दुकानदार का ध्यान भटकाकर पल्लू में छिपाया डिब्बा
वायरल फुटेज में देखा जा सकता है कि कुछ महिलाएं ग्राहक बनकर ज्वेलरी शॉप के अंदर आती हैं और काउंटर के सामने बैठ जाती हैं। दुकानदार उन्हें गहने दिखा रहा होता है। इसी दौरान एक महिला चालाकी से दुकानदार को पीछे की रैक से दूसरा ज्वेलरी सेट निकालने का इशारा करती है। जैसे ही दुकानदार डिब्बी लेने के लिए पीछे मुड़ता है, महिला फुर्ती से कांच के काउंटर से डिब्बा निकालकर अपनी साड़ी के पल्लू में छिपा लेती है।
दुकानदार को नहीं लगी भनक
महिला ने यह चोरी इतनी सफाई से की कि पीछे मुड़कर आए दुकानदार को इसका जरा भी अहसास नहीं हुआ। दुकानदार वापस आकर सामान्य तरीके से गहने दिखाने लगता है और महिलाएं बिना कुछ खरीदे वहां से चली जाती हैं। बाद में जब दुकानदार ने स्टॉक मिलाया और सीसीटीवी रिकॉर्डिंग चेक की, तब इस शातिराना चोरी का खुलासा हुआ। इंटरनेट पर यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है और लोग दुकानदारों को सतर्क रहने की सलाह दे रहे हैं।
