बॉलीवुड एक्टर सोहेल खान इन दिनों अपने शानदार फिटनेस ट्रांसफॉर्मेशन को लेकर काफी चर्चा में बने हुए हैं। हाल ही में वह बॉम्बे टाइम्स फैशन वीक 2026 में ब्लैक वेलवेट सूट पहनकर रैंप पर उतरे, जहां उनका बदला हुआ लुक देखकर हर कोई हैरान रह गया। इस दौरान सोहेल ने रैंप पर जमकर जलवा बिखेरा और उनके कई वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।
ब्लैक वेलवेट सूट में दिखा डैशिंग लुक
सोहेल खान बॉम्बे टाइम्स फैशन वीक 2026 में डिजाइनर रियाज और अमन गांगजी के ब्रांड 'LIBAS' के लिए शोस्टॉपर बने। इस मौके पर उन्होंने ब्लैक वेलवेट सूट पहना था। उनके नए लुक और कॉन्फिडेंट रैंप वॉक ने सबका ध्यान अपनी ओर खींच लिया। इस फैशन शो में उनके साथ एक्ट्रेस अनुप्रिया गोयनका भी रैंप पर नजर आईं।
रैंप पर डांस मूव्स से की मस्ती
सोहेल खान ने अपनी रैंप वॉक को सिर्फ स्टाइल तक सीमित नहीं रखा, बल्कि वहां जमकर मस्ती भी की। उन्होंने रैंप पर कुछ डांस मूव्स भी दिखाए। सोशल मीडिया पर उनका यह नया अंदाज काफी पसंद किया जा रहा है। लोग उनका यह ट्रांसफॉर्मेशन देखकर हैरान हैं और लगातार उनकी तारीफ कर रहे हैं।
12 किलो वजन घटने की बताई वजह
इससे पहले सोहेल खान रियलिटी शो 'द अलायंस' की पार्टी में दुबले-पतले लुक में नजर आए थे। सोशल मीडिया पर उनके इस बदलाव को देखकर लोगों ने ओजेम्पिक जैसी दवाओं या सर्जरी के इस्तेमाल के कयास लगाए थे, जिसके बाद उन्हें ट्रोल भी किया गया था। हालांकि, सोहेल ने इन सभी दावों को खारिज करते हुए साफ किया कि शो के दौरान उनकी तबीयत और पेट खराब हो गया था, जिसके बाद खानपान में सुधार करने से उनका करीब 12 किलो वजन कम हुआ है।
