सोशल मीडिया पर आपकी फोटो और नाम का इस्तेमाल करके कोई दूसरा व्यक्ति लोगों से बातचीत करने लगे तो परेशानी बढ़ सकती है। आपके दोस्त और जानने वाले उस अकाउंट को असली समझ कर भरोसा कर सकते हैं। कई बार ऐसे फर्जी प्रोफाइल के जरिए लोगों को कंफ्यूज किया जाता है, गलत जानकारी फैलाई जाती है या पैसे और पर्सनल जानकारी मांगने की कोशिश होती है।
Instagram पर किसी और की पहचान का इस्तेमाल करके अकाउंट बनाना उसके नियमों के खिलाफ है। अगर कोई आपकी फोटो, नाम या दूसरी पर्सनल जानकारियों का इस्तेमाल करके आपकी नकल कर रहा है, तो आप इसकी रिपोर्ट कर सकते हैं। आइए जानते हैं कि ऐसे अकाउंट को पहचानने और रिपोर्ट करने का सही तरीका क्या है।
कैसे पहचानें कि Instagram पर अकाउंट फेक है?
Instagram पर फेक प्रोफाइल की पहचान करने के लिए सबसे पहले उसके नाम, फोटो, बायो और दूसरी जानकारियों को ध्यान से देखें। अगर कोई अकाउंट खुद को आपकी तरह दिखा रहा है या आपके दोस्तों और फैमिली से मैसेज करके पैसे, OTP या पर्सनल जानकारी मांग रहा है, तो उस प्रोफाइल, उसकी पोस्ट और मैसेज के स्क्रीनशॉट ले लें और अकाउंट का लिंक भी सेव कर लें।
Instagram पर फेक अकाउंट की रिपोर्ट कैसे करें?
- सबसे पहले उस फर्जी प्रोफाइल पर जाएं।
- इसके बाद ऊपर दिए गए तीन डॉट्स पर टैप करें।
- अब Report के ऑप्शन पर जाएं।
- इसके बाद Report Account चुनें।
- यहां Its pretending to be someone else का ऑप्शन चुनें फिर बताएं कि अकाउंट आपकी नकल कर रहा है।
- इसके बाद स्क्रीन पर दिए गए निर्देशों को पूरा करके रिपोर्ट सबमिट कर दें।
बिना Instagram अकाउंट ऐसे करें शिकायत रिपोर्ट
اگر आपके पास Instagram अकाउंट नहीं है या आप वेबसाइट के जरिए शिकायत करना चाहते हैं, तो Instagram के रिपोर्टिंग फॉर्म का इस्तेमाल कर सकते हैं। पहचान की पुष्टि के लिए आधार कार्ड, पासपोर्ट या ड्राइविंग लाइसेंस जैसे सरकारी पहचान पत्र की कॉपी मांगी जा सकती है। शिकायत की जांच में कुछ दिन लग सकते हैं।
रिपोर्ट करने के बाद भी फेक अकाउंट न हटे तो क्या करें?
अगर शिकायत करने के बाद भी फर्जी अकाउंट मौजूद है, तो आप दोबारा उसकी रिपोर्ट कर सकते हैं। इसके लिए ऐप और वेबसाइट दोनों का इस्तेमाल करें। आप Instagram के Help Center पर मदद ले सकते हैं या X और Threads पर @Instagram या @Creators को टैग कर सकते हैं। वेरिफाइड या बिजनेस अकाउंट होने पर Meta Business Suite के जरिए भी संपर्क किया जा सकता है।
