बिहार विधान परिषद चुनाव के प्रचार के दौरान नियमों का उल्लंघन करना मोकामा के विधायक अनंत सिंह और जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार अनुज सिंह को भारी पड़ गया है। पुलिस ने दोनों नेताओं और अन्य लोगों के खिलाफ आचार संहिता उल्लंघन और कानून-व्यवस्था से जुड़े नियमों के तहत तीन अलग-अलग प्राथमिकियां दर्ज की हैं।
रोड-शो के दौरान हुआ नियमों का उल्लंघन
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, 18 अक्टूबर को पटना जिले के मोकामा विधानसभा क्षेत्र में एक रोड-शो निकाला गया था। इस दौरान अनुमति से अधिक वाहनों का इस्तेमाल किया गया और कई गाड़ियों में सायरन भी बजाए गए। इसके अलावा बाढ़ शहर में कई जगहों पर फूल बरसाने के लिए जेसीबी मशीनों का इस्तेमाल किया गया, जिससे इलाके की कानून-व्यवस्था प्रभावित हुई और आचार संहिता का खुला उल्लंघन हुआ।
जेडीयू के खिलाफ बागी तेवर
अनंत सिंह ने पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार अनुज सिंह के पक्ष में खुलकर प्रचार किया है और अपनी ही पार्टी जेडीयू के खिलाफ बागी रुख अपना लिया है। अनंत सिंह ने यह भी साफ कर दिया है कि वे जेडीयू के मौजूदा विधान परिषद सदस्य नीरज कुमार को हराना चाहते हैं, क्योंकि उन्होंने कई मौकों पर उनका विरोध किया था।
बिहार एमएलसी चुनाव की मुख्य बातें
बिहार विधान परिषद की आठ सीटों पर द्विवार्षिक चुनाव के लिए 23 अक्टूबर को मतदान होना है, जबकि वोटों की गिनती 27 अक्टूबर को की जाएगी। जिन सीटों पर चुनाव हो रहे हैं उनमें पटना स्नातक, दरभंगा स्नातक, तिरहुत स्नातक, कोसी स्नातक, पटना शिक्षक, दरभंगा शिक्षक, तिरहुत शिक्षक और सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं।
