बॉलीवुड अभिनेता वर्धन पुरी अपनी अगली फिल्म को लेकर चर्चा में हैं। वह जल्द ही फिल्म 'Param Veer' में मुख्य भूमिका निभाते नजर आएंगे। यह फिल्म साल 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध के दौरान हुई गंगासागर की लड़ाई और उसमें लड़ने वाले सैनिकों के अदम्य साहस पर आधारित है।
फिल्म का पोस्टर और शीर्षक हुआ जारी
मेकर्स ने फिल्म का आधिकारिक शीर्षक और पहला पोस्टर जारी कर दिया है। फिल्म का निर्माण और निर्देशन सुमंत रटूरी ने किया है, जबकि सागर गोदा इसके सह-निर्माता हैं। इस प्रोजेक्ट को एचवीजे मीडिया और मायराधा मोशन पिक्चर्स का समर्थन प्राप्त है। हालांकि, फिल्म की स्टार कास्ट, रिलीज की तारीख और कहानी को लेकर अभी मेकर्स ने ज्यादा जानकारी साझा नहीं की है।
सैनिकों के बलिदान को समर्पित है फिल्म
फिल्म से जुड़ने को लेकर अभिनेता वर्धन पुरी ने अपना अनुभव साझा किया है। उन्होंने कहा कि पिछले एक साल में यह प्रोजेक्ट उनके लिए एक बेहद निजी और बदलाव लाने वाला सफर रहा है। इस फिल्म में काम करने के बाद देश के सैनिकों और उनके परिवारों के प्रति उनका सम्मान और कृतज्ञता की भावना काफी बढ़ गई है।
गंगासागर की लड़ाई की अनकही कहानी
वर्धन पुरी ने गंगासागर के युद्ध के महत्व के बारे में बात करते हुए कहा कि यह सिर्फ इतिहास का एक पन्ना नहीं है, बल्कि उन बहादुर सैनिकों को श्रद्धांजलि है जिन्होंने इसे गढ़ा है। हर सैनिक के बलिदान के पीछे साहस और समर्पण की कहानियां होती हैं, जिन्हें याद रखा जाना चाहिए।
