मुंबई के उपनगरीय इलाके जुहू में रविवार शाम एक चौंकाने वाली घटना सामने आई। अज्ञात हमलावरों ने बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की बीएमडब्लू कार पर कई राउंड फायरिंग की। गनीमत यह रही कि इस घटना में टाइगर श्रॉफ सुरक्षित बच गए और उन्हें कोई गोली नहीं लगी है।
एकनाथ शिंदे ने की अभिनेता से मुलाकात
इस गोलीबारी की घटना के बाद महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे देर रात टाइगर श्रॉफ के आवास पर पहुंचे। उन्होंने अभिनेता का हालचाल जाना और सुरक्षा व्यवस्था व स्थिति का जायजा लिया। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में टाइगर श्रॉफ के हाथ और गले के पास पट्टी बंधी हुई नजर आ रही है। हालांकि, इस घटना को लेकर अभी तक प्रशासन या पुलिस की तरफ से कोई आधिकारिक बड़ा बयान सामने नहीं आया है, लेकिन सरकार इसे बेहद गंभीरता से ले रही है।
पुलिस और क्राइम ब्रांच की जांच जारी
प्राथमिक रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह घटना रविवार शाम करीब 7 बजे जुहू के पुष्पा पार्क के पास हुई, जब टाइगर श्रॉफ फुटबॉल सेशन से लौट रहे थे। हमलावर मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए थे और उन्होंने अभिनेता की कार पर कई गोलियां चलाईं। घटना की सूचना मिलते ही मुंबई पुलिस और क्राइम ब्रांच ने इलाके की घेराबंदी कर दी।
जांच अधिकारियों ने मौके से खाली खोखे बरामद किए हैं और फॉरेंसिक टीम भी सबूत जुटाने में जुटी है। पुलिस आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके और उनके रूट का पता लगाया जा सके।
लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम से आया था संदेश
घटना के तुरंत बाद सोशल मीडिया पर एक संदेश वायरल हुआ जिसमें लॉरेंस बिश्नोई सिंडिकेट के नाम पर हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया। हालांकि, पुलिस का कहना है कि इस दावे की अभी पुष्टि नहीं हुई है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच हर एंगल से की जा रही है और हमलावरों की पहचान व उनके मकसद को लेकर अभी कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं निकला है। पुलिस आरोपियों की तलाश में लगातार जुटी हुई है।
