बॉलीवुड अभिनेता सिद्धार्थ मल्होत्रा और अभिनेत्री तमन्ना भाटिया की मुख्य भूमिका वाली फिल्म 'The Vvaan - Force of the Forrest' सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है। क्रिटिक्स और दर्शकों से मिले-जुले रिव्यूज मिलने के बाद भी फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर ठीक-ठाक शुरुआत की है। सैकनिलक की रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म ने रिलीज के पहले दिन शुक्रवार को भारत में 8 करोड़ रुपये का नेट बॉक्स ऑफिस कलेक्शन किया है।
फिल्म की ऑक्यूपेंसी और शोज
देशभर में इस फिल्म को 6,745 शोज मिले, जिसके साथ कुल ऑक्यूपेंसी करीब 43 प्रतिशत दर्ज की गई। सुबह के शोज में ऑक्यूपेंसी लगभग 12 प्रतिशत थी, जो दोपहर में बढ़कर 24 प्रतिशत और शाम को करीब 27 प्रतिशत तक पहुंच गई। नेशनल कैपिटल रीजन यानी एनसीआर में 692 शोज के साथ ऑक्यूपेंसी 25 प्रतिशत रही। वहीं मुंबई में 491 शोज के साथ सबसे ज्यादा 32 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी दर्ज की गई।
इन फिल्मों को पीछे छोड़ा
कमाई के मामले में सिद्धार्थ मल्होत्रा की इस फिल्म ने सनी देओल और प्रीति जिंटा स्टारर 'बटवारा 1947' को पीछे छोड़ दिया है, जिसने अपने रिलीज के पहले दिन 5.75 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया था। इसके अलावा यह फिल्म अक्षय कुमार और सैफ अली खान की फिल्म 'हाईवान' के ओपनिंग डे कलेक्शन से भी आगे निकल गई है, जिसने पहले दिन महज 3 करोड़ रुपये कमाए थे और बॉक्स ऑफिस पर डिजास्टर साबित हुई थी।
फिल्म की स्टार कास्ट और निर्देशन
फिल्म 'The Vvaan' में सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया लीड रोल में हैं। इनके अलावा फिल्म में सुनील ग्रोवर, श्वेता तिवारी, अनुप सोनी, मनीष पॉल, अवतार गिल, मिलिंद गुणाजी, सुलभा आर्य, दुर्गेश कुमार, सुंदीप वेद और अक्षान सहरावत भी अहम किरदारों में नजर आए हैं। इस फिल्म का निर्देशन दीपक कुमार मिश्रा और अरुणभ कुमार ने किया है, जबकि इसका निर्माण बालाजी मोशन पिक्चर्स, टीवीएफ मोशन पिक्चर्स और 11:11 प्रोडक्शंस ने मिलकर किया है।
