साउथ के मशहूर अभिनेता नानी की फिल्म 'द पैराडाइज' ने बॉक्स ऑफिस पर एक नया इतिहास रच दिया है। खराब समीक्षाओं के बावजूद इस फिल्म ने शानदार शुरुआत की और महज छह दिनों के भीतर 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है। यह नानी के करियर की पहली ऐसी फिल्म बन गई है, जिसने भारत में 100 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई की है।
शानदार ओपनिंग और बॉक्स ऑफिस सफर
श्रीकांत ओडेला द्वारा निर्देशित इस मास एक्शन एंटरटेनर ने थियेटर में धमाकेदार एंट्री की थी। फिल्म ने गुरुवार को शाम के प्रीमियर से 11.60 करोड़ रुपये और शुक्रवार को opening day पर 34.65 करोड़ रुपये का कारोबार किया था। कुल मिलाकर फिल्म ने 46.25 करोड़ रुपये की ओपनिंग दर्ज की, जो नानी के करियर में अब तक की सबसे बड़ी ओपनिंग है। इसके बाद वीकेंड पर भी फिल्म का प्रदर्शन ठीक ठाक रहा, हालांकि वीकेंड के बाद इसकी रफ्तार थोड़ी धीमी पड़ी।
मंगलवार को पार हुआ 100 करोड़ का आंकड़ा
Sacnilk के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, फिल्म ने मंगलवार को 4.13 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया, जो इसका अब तक का सबसे कम सिंगल-डे कलेक्शन है। इसके साथ ही भारत में फिल्म का कुल कलेक्शन 101.23 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। इससे पहले नानी की फिल्में 'HIT The third case' और 'Saripodhaa Sanivaaram' सौ करोड़ के आंकड़े के करीब पहुंचकर चूक गई थीं।
फिल्म की स्टार कास्ट और कहानी
द पैराडाइज को हिंदी, तमिल और तेलुगु भाषाओं में रिलीज किया गया है, हालांकि कमाई का बड़ा हिस्सा तेलुगु वर्जन से ही आया है। फिल्म की कहानी 1980 के दशक की है, जिसमें सवारा नामक एक कबीला नागरिकता के लिए संघर्ष करता नजर आता है। फिल्म में नानी, मोहन बाबू, कायडू लोहार, सोनाली कुलकर्णी और राघव जुयाल मुख्य भूमिकाओं में हैं।
