एसएस राजामौली की ऐतिहासिक एक्शन ड्रामा फिल्म RRR को एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय मंच पर बड़ी सफलता मिली है। इस फिल्म को 19 अक्टूबर को 50वें साओ पाउलो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में प्रदर्शित किया जाएगा। इस स्क्रीनिंग के जरिए यह पीरियड एक्शन ड्रामा दक्षिण अमेरिकी दर्शकों तक पहुंचेगा।
लियोन काकॉफ पुरस्कार से सम्मानित होंगे राजामौली
इस फेस्टिवल में विश्व सिनेमा में उनके योगदान के सम्मान में एसएस राजामौली को 'लियोन काकॉफ' पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। यह इस फेस्टिवल के सबसे बड़े सम्मानों में से एक है। फिल्म की टीम ने जानकारी दी है कि निर्देशक खुद इस स्क्रीनिंग के दौरान मौजूद रहेंगे। स्क्रीनिंग के अलावा दर्शकों को महेश बाबू स्टारर फिल्म Varanasi और Baahubali: The Eternal War की झलकियां भी देखने को मिलेंगी।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आरआरआर का सफर
राम चरण और जूनियर एनटीआर जैसे कलाकारों से सजी फिल्म RRR ने साल 2022 में रिलीज होने के बाद से ही वैश्विक स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बनाई है। इस फिल्म में अजय देवगन और आलिया भट्ट भी अहम भूमिकाओं में नजर आए थे। फिल्म ने दुनियाभर के दर्शकों और समीक्षकों की प्रशंसा बटोरी है।
आरआरआर ने ऑस्कर अवॉर्ड्स में 'नाटू नाटू' गाने के लिए बेस्ट ओरिजिनल सॉन्ग का ऐतिहासिक पुरस्कार जीता था। इसके अलावा फिल्म ने गोल्डन ग्लोब अवॉर्ड और कई क्रिटिक्स च्वाइस अवॉर्ड भी अपने नाम किए हैं। यह भारतीय सिनेमा के लिए वैश्विक मंच पर एक बड़ा मील का पत्थर साबित हुआ है। जापान और उत्तर अमेरिका समेत दुनिया के कई हिस्सों में इस फिल्म की विशेष स्क्रीनिंग हो चुकी है।
राजामौली का सिनेमैटिक यूनिवर्स
राजामौली के निर्देशन से जुड़े प्रोजेक्ट्स में वाराणसी और बाहुबली द इटरनल वॉर बड़े पैमाने की कहानियों को आगे बढ़ा रहे हैं। वाराणसी फिल्म में प्रियंका चोपड़ा जोनास और पृथ्वीराज सुकुमारन भी नजर आएंगे, जो 7 अप्रैल 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। वहीं, बाहुबली द इटरनल वॉर एक एनिमेटेड 3डी फीचर है, जो बाहुबली की दुनिया पर आधारित है।


