बॉलीवुड की दिग्गज अभिनेत्री स्मिता पाटिल को दुनिया छोड़े भले ही लंबा वक्त बीत चुका हो, लेकिन उनसे जुड़ी यादें आज भी लोगों के जेहन में ताजा हैं। हाल ही में फिल्मफेयर को दिए एक इंटरव्यू में उनकी मेकअप आर्टिस्ट और करीबी दोस्त माया सुरेंद्र पुपाला ने स्मिता पाटिल से जुड़े कई अनसुने किस्से साझा किए हैं। उन्होंने अभिनेत्री के साथ अपने खास रिश्ते और उनके निधन के दर्दनाक पलों को याद किया है।

स्मिता पाटिल का पारिवारिक व्यवहार
माया सुरेंद्र पुपाला ने बताया कि स्मिता पाटिल का स्वभाव बेहद सादगी भरा था। वह अपने स्टॉफ को परिवार की तरह मानती थीं। माया के मुताबिक, स्मिता उन्हें 'मित्यामा' कहकर बुलाती थीं। शूटिंग के दौरान भी वह उनके खाने-पीने और आराम का पूरा ध्यान रखती थीं। प्रेगनेंसी के दौरान भी स्मिता पाटिल के साथ बिताए पलों को याद करते हुए माया ने बताया कि उनमें किसी भी तरह का स्टारडम या नखरे नहीं थे।


राज बब्बर और स्मिता पाटिल का रिश्ता
माया ने उस दौर को भी याद किया जब स्मिता और राज बब्बर एक-दूसरे के प्यार में थे। उन्होंने बताया कि स्मिता की मां इस रिश्ते के खिलाफ थीं क्योंकि राज बब्बर एक शादीशुदा इंसान थे। माया ने ही स्मिता के लिए गोदभराई की रस्म अपनी बहन के घर पर आयोजित की थी, जिसमें राज बब्बर और उनके कुछ दोस्त भी शामिल हुए थे।

जब दुल्हन की तरह तैयार किया
माया सुरेंद्र पुपाला ने अभिनेत्री के अंतिम समय को याद करते हुए सबसे भावुक बात बताई। बेटे प्रतीक बब्बर के जन्म के कुछ दिनों बाद ही स्मिता पाटिल की तबीयत बिगड़ गई थी और अस्पताल में उनका निधन हो गया था। माया ने नम आंखों से बताया कि स्मिता के निधन के बाद उन्होंने और दीपक सावंत ने मिलकर अभिनेत्री को एक दुल्हन की तरह तैयार किया था। उनके अनुसार, वह उनके जीवन का सबसे दर्दनाक और निराशाजनक पल था।
