बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान ने हाल ही में भारतीय पायलट कैप्टन स्मिथ मच्छड़ की बहादुरी की खुलकर तारीफ की है। कैप्टन स्मिथ ने फ्लाईदुबई की एक उड़ान के दौरान अपनी जान की परवाह न किए बिना 174 यात्रियों की जान बचाई थी। उड़ान के दौरान सह-पायलट ने उन पर चाकू से हमला कर दिया था, जिसके बाद भी उन्होंने अदम्य साहस का परिचय दिया।
शाहरुख खान ने सोशल मीडिया पर की सराहना
शाहरुख खान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि कैप्टन स्मिथ मच्छड़ ने तब मजबूती दिखाई जब इसकी सबसे ज्यादा जरूरत थी। उन्होंने कहा कि विपरीत परिस्थितियों का सामना करना और अपनी सुरक्षा को दांव पर लगाना आसान नहीं होता, लेकिन आपने यात्रियों की रक्षा के लिए ऐसा किया। शाहरुख ने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हुए कहा कि देश को उन पर गर्व है।
सलमान खान और करण जौहर ने भी की तारीफ
शाहरुख खान से एक दिन पहले सलमान खान ने भी कैप्टन की बहादुरी की सराहना की थी। सलमान ने सोशल मीडिया पर लिखा कि कमाल कर दिया पायलट जी, हम सब आपको सैल्यूट करते हैं। इसके अलावा करण जौहर, विक्की कौशल, रणवीर सिंह, परेश रावल, आर माधवन और रवि किशन समेत कई बॉलीवुड हस्तियों ने कैप्टन स्मिथ मच्छड़ को असली हीरो बताया है और उनके जल्द ठीक होने की कामना की है।
क्या थी पूरी घटना
कैप्टन स्मिथ मच्छड़ फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 (बोइंग 737 मैक्स 8) के पायलट थे, जो दुबई से तेल अवीव जा रही थी। इस विमान में 27 बच्चों समेत कुल 174 लोग सवार थे। 30 सितंबर को जब विमान सऊदी अरब के ऊपर उड़ रहा था, तब कॉकपिट के अंदर सह-पायलट ने उन पर हमला कर दिया था। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद कैप्टन मच्छड़ ने कॉकपिट का दरवाजा खोल दिया, जिससे यात्रियों और क्रू मेंबर ने हमलावर पर काबू पा लिया। बाद में विमान को सऊदी अरब के तबुक एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतार लिया गया। घटना के बाद अस्पताल के बिस्तर से कैप्टन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी बात की थी।
