बॉलीवुड के किंग खान यानी शाहरुख खान ने एक और ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम कर ली है। हुरुन इंडिया रिच लिस्ट के ताजा आंकड़ों के अनुसार, शाहरुख खान अब दुनिया के सबसे अमीर वर्किंग एक्टर बन गए हैं। उनकी कुल संपत्ति लगभग 1.4 बिलियन डॉलर यानी करीब 12,490 करोड़ रुपये आंकी गई है।
टेलर स्विफ्ट और अर्नोल्ड श्वार्जनेगर को छोड़ा पीछे
हुरुन की गणना के मुताबिक, शाहरुख खान की यह संपत्ति हॉलीवुड और ग्लोबल पॉप कल्चर के कई बड़े नामों से भी ज्यादा है। इस लिस्ट में उन्होंने टेलर स्विफ्ट, अर्नोल्ड श्वार्जनेगर, जेरी सीनफिल्ड और सेलेना गोमेज जैसे दिग्गजों को पीछे छोड़ दिया है। एक भारतीय फिल्म स्टार का इस तरह ग्लोबल लेवल पर सबसे आगे निकलना बेहद बड़ी बात है।
कमाई के मुख्य जरिए
शाहरुख खान की इस भारी-भरकम संपत्ति के पीछे केवल फिल्मों की फीस नहीं है, बल्कि उनके बिजनेस और लॉन्ग-टर्म इन्वेस्टमेंट का बड़ा हाथ है। हुरुन के अनुसार, इसमें उनका प्रोडक्शन हाउस रेड चिलीज एंटरटेनमेंट और कोलकाता नाइट राइडर्स में उनकी ओनरशिप शामिल है। इसके अलावा मुंबई, दिल्ली, दुबई, लंदन और लॉस एंजिल्स में फैली उनकी रियल एस्टेट प्रॉपर्टीज भी इसमें शामिल हैं, जिसमें उनका आइकॉनिक घर मन्नत भी शामिल है।
यह मुकाम ऐसे समय पर आया है जब शाहरुख खान अपने करियर के एक शानदार दौर से गुजर रहे हैं। जवान फिल्म की बंपर सफलता के बाद उन्हें अपना पहला नेशनल अवॉर्ड भी मिला है।
