Breaking

Ramayana 3: क्या रामायण का तीसरा पार्ट भी आएगा? प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा ने दिया बड़ा अपडेट

निर्माता नमित मल्होत्रा ने संकेत दिया है कि दर्शकों की प्रतिक्रिया के आधार पर रामायण के तीसरे भाग पर विचार किया जा सकता है।

Ramayana 3: क्या रामायण का तीसरा पार्ट भी आएगा? प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा ने दिया बड़ा अपडेट

फिल्ममेकर नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही बहुप्रतीक्षित पौराणिक फिल्म Ramayana को लेकर एक नया अपडेट सामने आया है। फिल्म के निर्माता नमित मल्होत्रा ने इसके तीसरे पार्ट को लेकर बड़ा संकेत दिया है, जिससे फैंस के बीच उत्साह और बढ़ गया है।

क्या आ सकता है रामायण का तीसरा पार्ट?

लॉस एंजिल्स में फिल्म के प्रीमियर के दौरान नमित मल्होत्रा ने मीडिया से बातचीत करते हुए बताया कि शुरुआत में इस प्रोजेक्ट को तीन भागों में बनाने की योजना थी, जिसे बाद में दो भागों में बदल दिया गया। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि फिल्म रिलीज होने के बाद दर्शकों से मिलने वाले रिस्पॉन्स और फीडबैक के आधार पर टीम दोबारा बैठकर यह तय कर सकती है कि इसमें कुछ और जोड़ा जाए या नहीं।

फिल्म के दो अलग-अलग रनटाइम वर्जन पर हो रही चर्चा

नमित मल्होत्रा ने यह भी खुलासा किया कि फिलहाल उनके पास Ramayana: Part 1 के दो अलग-अलग रनटाइम वाले वर्जन मौजूद हैं। टीम इस बात का आकलन कर रही है कि दुनिया भर के दर्शकों के लिए कौन सा वर्जन बेहतर रहेगा या फिर क्या किसी एक्सटेंडेड कट पर विचार किया जा सकता है। उन्होंने द लॉर्ड ऑफ द रिंग्स के विस्तारित संस्करणों का उदाहरण देते हुए कहा कि उनके पास मास्टर वर्जन के भीतर एक अलग संस्करण बनाने के लिए पर्याप्त सामग्री है।

कास्ट और रिलीज की तारीख

बता दें कि इस फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी सीता, यश रावण, सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण के किरदार में नजर आएंगे। प्राइम फोकस स्टूडियो, डीएनईजी और मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस के बैनर तले बन रही इस फिल्म का संगीत ऑस्कर विजेता ए.आर. रहमान और हान्स जिमर ने तैयार किया है। यह फिल्म पांच नवंबर, 2026 को दुनिया भर के सिनेमाघरों में स्टैंडर्ड और आईमैक्स फॉर्मेट में रिलीज होगी।

Continue Reading • For You