बॉलीवुड के जाने-माने अभिनेता रणबीर कपूर और यश की मुख्य भूमिका वाली बहुचर्चित फिल्म रामायण को लेकर एक बड़ा अपडेट सामने आया है। पहले यह फिल्म दो भागों में दिवाली 2026 और दिवाली 2027 को रिलीज होने वाली थी। हालांकि मेकर्स दिवाली 2026 की डेडलाइन पर पहले पार्ट को रिलीज करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं, लेकिन रामायण 2 की रिलीज डेट को आगे बढ़ा दिया गया है।
दिवाली 2028 में रिलीज होगी रामायण 2
सूत्रों के मुताबिक, रामायण पार्ट 2 अब साल 2028 की दिवाली के अवसर पर सिनेमाघरों में रिलीज होगी। निर्माता नमित मल्होत्रा इस प्रोजेक्ट को लेकर बेहद गंभीर हैं और वे भारतीय दर्शकों को सिनेमा का एक अभूतपूर्व अनुभव देना चाहते हैं। पहला पार्ट तय समय पर रिलीज हो रहा है, लेकिन दूसरे हिस्से की शूटिंग में अभी कुछ और समय की आवश्यकता है।
बड़े पैमाने पर तैयार हो रहा है दूसरा भाग
फिल्म के दूसरे हिस्से में ही रामायण का असली युद्ध और मुख्य पैमाना नजर आएगा। निर्देशक नितेश तिवारी और निर्माता नमित मल्होत्रा विश्व सिनेमा के सबसे मौलिक एक्शन सीन तैयार करना चाहते हैं, जिसमें उम्मीद से थोड़ा अधिक समय लगा है। मेकर्स का लक्ष्य इस फिल्म के जरिए वैश्विक स्तर पर अपनी छाप छोड़ना है और इसके प्रोडक्शन बजट में कोई कमी नहीं छोड़ी जा रही है।
