बॉलीवुड अभिनेत्री राधिका अपटे ने हाल ही में एक इंटरव्यू में हिंदी सिनेमा में महिला प्रधान फिल्मों और बॉक्स ऑफिस के हालात को लेकर खुलकर बात की है। राधिका का कहना है कि बॉक्स ऑफिस पर अनिश्चितता के चलते महिला कलाकारों के लिए थियेटर में मजबूत रिलीज हासिल करना काफी मुश्किल होता है। यही वजह है कि हिंदी सिनेमा में ज्यादातर महिलाओं को पुरुष प्रधान फिल्मों में काम करने के लिए मजबूर होना पड़ता है।
सिर्फ इन दो अभिनेत्रियों को मिलती है ओपनिंग
राधिका ने स्पष्ट किया कि यदि किसी महिला प्रधान फिल्म को अच्छी बॉक्स ऑफिस ओपनिंग चाहिए, तो उसके लिए आलिया भट्ट या दीपिका पादुकोण जैसी शीर्ष अभिनेत्रियों का होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि यदि वह खुद किसी फिल्म में मुख्य भूमिका निभाती हैं, तो बेहतरीन फिल्म होने के बावजूद वह बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप हो सकती है, क्योंकि उनके पास आलिया या दीपिका जैसी स्टार पावर नहीं है।
OTT पर रिलीज हो रही हैं फिल्में
राधिका अपटे अपनी आगामी नेटफ्लिक्स वेब सीरीज 'Akka' को लेकर चर्चा में हैं, जो 30 अक्टूबर को रिलीज होने वाली है। उनकी पिछले कुछ समय की फिल्में जैसे 'लस्ट स्टोरीज 3', 'साली मोहब्बत', 'मिसेज अंडरकवर' और 'मोनिका, ओ माय डार्लिंग' सीधे ओटीटी पर ही रिलीज हुई हैं। हालांकि, राधिका का कहना है कि वह प्रोजेक्ट्स का चयन मीडियम को देखकर नहीं करती हैं, बल्कि वह चाहती हैं कि फिल्म किसी भी तरह दर्शकों तक पहुंचनी चाहिए।
