बॉलीवुड के मंझे हुए कलाकार पंकज त्रिपाठी और अभिनेत्री अदिति राव हैदरी जल्द ही एक साथ स्क्रीन पर नजर आने वाले हैं। दोनों की आने वाली फिल्म 'पारिवारिक मनोरंजन' को लेकर बड़ी अपडेट सामने आई है। यह फिल्म सिनेमाघरों में रिलीज होने के बजाय सीधे डिजिटल प्लेटफॉर्म पर आएगी।
सोनी लिव पर होगी डायरेक्ट रिलीज
पंकज त्रिपाठी और अदिति राव हैदरी की यह फिल्म सीधे ओटीटी प्लेटफॉर्म Sony LIV पर रिलीज की जाएगी। मेकर्स ने फिल्म का ऑफिशियल टीज़र जारी कर दिया है, जो प्यार, हंसी और पारिवारिक ड्रामे का एक बेहतरीन मिश्रण पेश करता है। इस फिल्म को एक शुद्ध पारिवारिक रोमांस-कॉमेडी के रूप में पेश किया जा रहा है, जिसमें रिश्तों की दुनिया को हास्य के साथ दिखाया गया है।
पहली बार साथ दिखेंगे कलाकार
यह फिल्म पंकज त्रिपाठी और अदिति राव हैदरी का पहला कोलैबोरेशन है। फिल्म के टीज़र के साथ कैप्शन में लिखा गया है कि मनु और रंजन की प्रेम कहानी सभी के लिए मनोरंजन लेकर आ रही है। इस फिल्म का निर्देशन वरुण वी. शर्मा ने किया है, जबकि इसकी कहानी और पटकथा बृजेंद्र काला, अली अब्बास जफर और वरुण वी. शर्मा ने मिलकर लिखी है। बृजेंद्र काला ने ही फिल्म के डायलॉग्स भी लिखे हैं। हालांकि, मेकर्स की तरफ से अभी तक इसकी स्ट्रीमिंग डेट का ऐलान नहीं किया गया है।
