मलयालम सिनेमा के सुपरस्टार मोहनलाल ने निर्देशक अनूप सत्यन की आगामी फिल्म की शूटिंग शुरू कर दी है। हाल ही में इस फिल्म के सेट से एक बीटीएस (बिहाइंड द सीन) वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, जो तेजी से वायरल हो रहा है।

सेट से सामने आया वीडियो
वायरल हो रहे इस वीडियो में अभिनेता मोहनलाल स्टाइलिश अंदाज में लोकेशन पर पहुंचते नजर आ रहे हैं। उन्होंने सिंपल शर्ट और धोती पहनी हुई है। लोकेशन पर पहुंचने पर निर्माता एंटनी पेरुम्बूर ने उनका स्वागत किया। वीडियो में सेट का काम करने का माहौल भी दिखाई दे रहा है, जहां निर्देशक अनूप सत्यन क्रू मेंबर को निर्देश देते नजर आ रहे हैं।
कोच्चि और थोडुपुझा में हो रही है शूटिंग
इस फिल्म का शुरुआती टाइटल L368 रखा गया है। फिल्म की शूटिंग हाल ही में कोच्चि में एक पूजा समारोह के साथ शुरू हुई थी। इसके बाद टीम थोडुपुझा शिफ्ट हो गई, जहां वर्तमान शेड्यूल की शूटिंग चल रही है। इस प्रोजेक्ट को बिबिन जॉर्ज एलेक्जेंडर और एंटनी पेरुम्बूर प्रोड्यूस कर रहे हैं। अनूप सत्यन की बतौर निर्देशक यह दूसरी फिल्म है, इससे पहले उन्होंने साल 2020 में फिल्म 'वरने आवश्यमुंडु' का निर्देशन किया था।

बचपन से मोहनलाल के प्रशंसक रहे हैं अनूप
फिल्म के पूजा समारोह के दौरान निर्देशक अनूप सत्यन ने बताया था कि वह बचपन से ही मोहनलाल के बहुत बड़े प्रशंसक रहे हैं। उनके पिता और वरिष्ठ फिल्म निर्माता सत्यन एंथिकार्ड ने भी एक दिलचस्प किस्सा साझा किया था कि कैसे बचपन में अनूप मोहनलाल को लेकर काफी क्रेजी थे। सत्यन एंथिकार्ड के साथ मोहनलाल ने 'नाडोडीकाट्टू', 'गांधीनगर 2 स्ट्रीट' और 'पट्टानाप्रवेशम' जैसी कई सुपरहिट फिल्मों में काम किया है। अब अनूप सत्यन के साथ मोहनलाल का यह नया प्रोजेक्ट फैंस के लिए काफी उत्सुकता पैदा कर रहा है।
