Breaking

Mahakavya Shri Ramayan Katha: वानर के चश्मे वाले पोस्टर पर भड़के मेकर्स, ट्रोलिंग पर दिया करारा जवाब

फिल्म 'महाकाव्य श्री रामायण कथा' के मेकर्स ने वायरल हो रहे उस पोस्टर पर जवाब दिया है जिसमें वानर चश्मा पहने नजर आ रहा है।

Mahakavya Shri Ramayan Katha: वानर के चश्मे वाले पोस्टर पर भड़के मेकर्स, ट्रोलिंग पर दिया करारा जवाब

अभिषेक सिंह के निर्देशन में बनी फिल्म 'महाकाव्य श्री रामायण कथा' हाल ही में सिनेमाघरों में रिलीज हुई है। फिल्म रिलीज होने के कुछ दिनों बाद ही इसका एक प्रमोशनल पोस्टर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगा। इस पोस्टर में एक हैरान करने वाली डिटेल सामने आई, जिसमें त्रेतायुग की पृष्ठभूमि वाली इस कहानी में वानर सेना का एक सदस्य चश्मा पहने हुए नजर आया। इस बात को लेकर सोशल मीडिया पर मेकर्स की काफी आलोचना हुई और कई सवाल उठाए गए।

पोस्टर को लेकर मचा बवाल

वायरल हो रहे इस पोस्टर में सुग्रीव के पीछे खड़े एक सैनिक को इंसानी रूप में और चश्मा पहने हुए दिखाया गया है। सोशल मीडिया यूजर्स ने इस पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दीं और त्रेतायुग में चश्मे के इस्तेमाल को लेकर मजे लिए। कुछ लोगों ने इसे लेकर फिल्म की आलोचना भी की।

मेकर्स का कड़ा जवाब

बढ़ते विवाद को देखते हुए फिल्म के निर्देशक अभिषेक सिंह और निर्माण टीम ने इस पर खुलकर बात की है। मेकर्स का कहना है कि सोशल मीडिया पर शेयर की जा रही तस्वीर फिल्म का कोई सीन नहीं है, बल्कि यह सिर्फ एक प्रमोशनल आर्ट वर्क है। मेकर्स ने आलोचकों को चुनौती देते हुए कहा कि अगर यह विजुअल सचमुच फिल्म के अंदर है, तो थिएटर का असली स्क्रीनशॉट या सीन का टाइमस्टैम्प शेयर किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रमोशनल इमेज को फिल्म का सीन बताकर पेश करना पूरी तरह से भ्रामक है।

अंजली अरोड़ा की कास्टिंग पर भी हुई थी चर्चा

बता दें कि इस फिल्म से पहले अंजलि अरोड़ा को सीता के रूप में कास्ट किए जाने पर भी काफी बहस हुई थी। 'लॉक अप' फेम अंजलि के पारंपरिक अभिनय पृष्ठभूमि से न होने के कारण कई लोगों ने उनकी कास्टिंग पर सवाल उठाए थे। हालांकि, अंजलि ने ट्रेलर लॉन्च के दौरान कहा था कि वह अपनी तरफ से पूरा सौ प्रतिशत देंगी और चाहती हैं कि दर्शक उनकी पर्सनल लाइफ को साइड में रखकर फिल्म देखें।

क्या है फिल्म की कहानी

महाकाव्य श्री रामायण कथा - श्री राम की मुख्य रूप से युवा दर्शकों को ध्यान में रखकर बनाई गई है। फिल्म की आधिकारिक कहानी के अनुसार, इसमें शश्वत नाम के एक छोटे बच्चे की यात्रा को दिखाया गया है, जिसे हनुमान जी एक ऋषि के रूप में दर्शन देकर भगवान राम की कथा सुनाते हैं। फिल्म में अंजलि अरोड़ा ने सीता और देव शर्मा ने भगवान राम की भूमिका निभाई है।

Continue Reading • For You