बॉलीवुड के जाने-माने फिल्ममेकर मधुर भंडारकर अपनी अगली फिल्म को लेकर चर्चा में हैं। नेशनल अवॉर्ड विजेता और पद्म श्री सम्मानित निर्देशक मधुर भंडारकर ने अपनी आगामी फिल्म 'The Wives of Bollywood' के बाद डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के जीवन और उनकी विरासत पर आधारित फिल्म बनाने का ऐलान किया है।
Syama – The Missing Chapter है फिल्म का वर्किंग टाइटल
इस फिल्म का वर्किंग टाइटल 'Syama – The Missing Chapter' रखा गया है। यह फिल्म डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की कहानी को बड़े पर्दे पर लाएगी, जिसमें उनके राजनीतिक सफर, वैचारिक विश्वास और भारतीय इतिहास में उनकी भूमिका को गहराई से दिखाया जाएगा।
फिल्म में नजर आएंगे कई अहम ऐतिहासिक पहलू
डॉ. मुखर्जी एक विद्वान और राजनेता थे, जिन्होंने हमेशा राष्ट्रीय एकता की वकालत की। वह कलकत्ता विश्वविद्यालय के सबसे कम उम्र के कुलपति बने और स्वतंत्र भारत के पहले मंत्रिमंडल में प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के तहत मंत्री भी रहे। फिल्म में सरकार के साथ उनके वैचारिक मतभेदों, कैबिनेट से इस्तीफे और 1951 में भारतीय जनसंघ की स्थापना में उनकी भूमिका को दर्शाया जाएगा। इसके अलावा, जम्मू-कश्मीर में परमिट सिस्टम के खिलाफ 1953 के उनके अभियान और हिरासत में उनकी मौत से जुड़ी परिस्थितियों को भी फिल्म में टटोला जाएगा।
मेकर्स ने क्या कहा?
प्रड्यूसर आदित्य कुमार हलवासिया ने इस प्रोजेक्ट के बारे में बात करते हुए कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जीवन हमें यह याद दिलाता है कि सच्चा नेतृत्व साहस और देश सेवा में है। वहीं, निर्देशक मधुर भंडारकर ने कहा कि एक फिल्ममेकर के तौर पर पहली बार उनके जीवन को पर्दे पर उतारना एक चुनौती है, जिसे वह पूरी ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ पेश करना चाहते हैं।
यह फिल्म ऐतिहासिक ड्रामा और राजनीतिक थ्रिलर का मिश्रण होगी। इस प्रोजेक्ट की शूटिंग अगले साल शुरू होने की उम्मीद है, हालांकि कास्ट और अन्य डिटेल्स फिलहाल गुप्त रखी गई हैं।
