बॉलीवुड अभिनेत्री कृति सैनन ने डॉटर्स डे के खास मौके पर महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े गंभीर मुद्दों पर खुलकर बात की है। सोशल मीडिया पर शेयर किए गए अपने एक भावुक पोस्ट में उन्होंने देश की मौजूदा स्थिति और महिलाओं के सामने आने वाली रोजमर्रा की परेशानियों पर गहरी चिंता जताई है।
डॉटर्स डे पर कृति सैनन का गंभीर सवाल
कृति सैनन ने अपने पोस्ट में लिखा कि डॉटर्स डे पर कल्पना कीजिए कि आपकी बेटी आपको फोन करके कह रही है कि कुछ आदमी उसका पीछा कर रहे हैं। रात को अकेले घर लौटते वक्त उसका बार-बार पीछे मुड़कर देखना और घर पहुंचने से पहले फोन की बैटरी खत्म हो जाने का डर। उन्होंने कहा कि आज हमने महिलाओं के लिए ऐसा लाइफस्टाइल बना दिया है जहां उन्हें लाइव लोकेशन शेयर करना, पेपर स्प्रे रखना या कैब बुक करने जैसी मजबूरियों से गुजरना पड़ता है।
असली डॉटर्स डे कब मनाया जाना चाहिए
अभिनेत्री ने आगे लिखा कि असली डॉटर्स डे उस दिन मनाया जाना चाहिए जब कोई बेटी रात में अकेले घर लौट सके, अंधेरे के बाद पार्क में बैठ सके, अपनी पसंद के कपड़े पहन सके और बिना किसी डर के सार्वजनिक परिवहन का उपयोग कर सके। उन्होंने कहा कि हर उस बेटी के लिए जो घर पहुंचकर कहती है कि मैं पहुंच गई, उम्मीद है कि एक दिन ऐसा आएगा जब उन्हें यह सब नहीं कहना पड़ेगा। बता दें कि यह पोस्ट देश में महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर एक जरूरी आवाज़ उठाता है।
