बॉलीवुड के मशहूर फिल्ममेकर करण जौहर की चर्चित फिल्म Ae Dil Hai Mushkil ने अपनी रिलीज के 10 साल पूरे कर ली है। इस खास मौके पर निर्देशक ने सोशल मीडिया पर एक भावुक नोट शेयर किया है। फिल्म के एक दशक पूरे होने पर करण ने इसके निर्माण से जुड़े अपने अनुभवों को याद किया।
प्यार और अधूरेपन की कहानी
फिल्म के बारे में बात करते हुए करण जौहर ने बताया कि यह फिल्म उनके दिल के बेहद करीब है। यह उनके जीवन के प्यार, तड़प और दिल टूटने के अनुभवों से जुड़ी हुई है। उन्होंने लिखा कि जब वह अपनी जिंदगी के सबसे संवेदनशील दौर में थे, तब उन्हें यह अहसास हुआ कि एकतरफा प्यार के लिए किसी की सहानुभूति या पछतावे की जरूरत नहीं होती, बल्कि इसके लिए एक गहरी समझ की आवश्यकता होती है।
कलाकारों का जताया आभार
करण जौहर ने यह भी माना कि फिल्म को लेकर दर्शकों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं मिली थीं और इसमें कुछ कमियां भी थीं, लेकिन अगर वह आज भी इस कहानी को बनाते, तो इसे बिल्कुल वैसा ही रखते। अपने इस नोट के आखिर में उन्होंने फिल्म की स्टार कास्ट अनुष्का शर्मा, रणबीर कपूर, ऐश्वर्या राय बच्चन और फवाद खान का शुक्रिया अदा किया, जिन्होंने इस फिल्म में अहम भूमिका निभाई थी।
फिल्म की स्टार कास्ट
बता दें कि साल 2016 में रिलीज हुई इस फिल्म में रणबीर कपूर ने अयान और अनुष्का शर्मा ने अलीजेह का किरदार निभाया था। इसके अलावा फिल्म में ऐश्वर्या राय बच्चन और फवाद खान भी अहम भूमिकाओं में नजर आए थे, जबकि शाहरुख खान ने भी एक कैमियो किया था।
