साउथ सिनेमा के दिग्गज अभिनेता कमल हासन अपनी आगामी फिल्मों को लेकर लगातार चर्चा में बने हुए हैं। निर्देशक एसयू अरुण कुमार के साथ उनकी अगली फिल्म को लेकर एक नया अपडेट सामने आया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस एक्शन एंटरटेनर फिल्म का नाम 'संडियार' हो सकता है। हालांकि, मेकर्स की तरफ से अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
जन्मदिन पर आ सकता है फिल्म का पहला लुक
सूत्रों के अनुसार, फिल्म का फोटोशूट पूरा हो चुका है। चर्चा है कि कमल हासन के जन्मदिन के खास मौके पर फिल्म के स्टिल्स और फर्स्ट लुक पोस्टर को जारी किया जा सकता है। इसके अलावा, नवंबर महीने से फिल्म की शूटिंग शुरू होने की उम्मीद भी जताई जा रही है।
मदुरै में होगी पूरी फिल्म की शूटिंग
यह फिल्म एक ग्रिटी और फुल-फ्लेज्ड एक्शन एंटरटेनर होगी। अभिनेता चाहते हैं कि इस प्रोजेक्ट को एक रीयलिस्टिक और जमीनी अहसास मिले, इसलिए पूरी फिल्म की शूटिंग मदुरै में किए जाने की खबर है। फिल्म में कमल हासन छोटे बालों के लुक में नजर आ सकते हैं, जिसमें किसी भी तरह के सीजीआई डी-एजिंग या डांस सीक्वेंस का इस्तेमाल नहीं किया जाएगा। इसके अलावा, फिल्म में एक अधेड़ उम्र की अभिनेत्री के मुख्य सह-कलाकार के रूप में नजर आने की चर्चा है।
कमल हासन का वर्कफ्रंट
कामल हासन के वर्कफ्रंट की बात करें तो उन्हें आखिरी बार मणिरत्नम की फिल्म 'ठग लाइफ' में मुख्य भूमिका में देखा गया था। इसके अलावा उनके पास निर्देशक नेल्सन दिलीपकुमार के साथ रजनीकांत के साथ फिल्म 'KHxRK', प्रभास और अमिताभ बच्चन के साथ 'कल्कि 2' और शंकर की निर्देशित फिल्म 'इंडियन 3' जैसे बड़े प्रोजेक्ट्स भी लाइन में हैं।
