बॉलीवुड अभिनेता ऋतिक रोशन की कुल संपत्ति में जबरदस्त इजाफा देखने को मिला है। उनकी कुल संपत्ति पिछले साल के 2,000 करोड़ रुपये से बढ़कर इस साल 2,160 करोड़ रुपये हो गई है। इसके साथ ही वे मनोरंजन जगत की वेल्थ लिस्ट में शाहरुख खान और जूही चावला के बाद तीसरे स्थान पर बने हुए हैं।
एक बड़े दांव से खड़ी की संपत्ति
ऋतिक रोशन की इस वित्तीय सफलता की सबसे खास बात यह है कि उन्होंने यह मुकाम किसी विशाल मनोरंजन साम्राज्य या कई बिजनेस के जरिए नहीं, बल्कि एक सिंगल और बेहद सफल वेंचर के दम पर हासिल किया है। उनके इस सफर में उनका फैशन और एथलीजर ब्रांड HRX सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
सेलिब्रिटी ब्रांड से बनी बड़ी पहचान
ऋतिक रोशन द्वारा लॉन्च किया गया यह ब्रांड भारत के सेलिब्रिटी-लेड लाइफस्टाइल स्पेस में एक जाना-माना नाम बन चुका है। अभिनेता के लिए यह सिर्फ एक स्टार एंडोर्समेंट से कहीं आगे निकलकर उनके अपने व्यक्तित्व, फिटनेस और फिलॉसफी पर आधारित एक बड़ा ब्रांड बन चुका है।
लिस्ट में तीसरे स्थान पर बरकरार
शाहरुख खान और जूही चावला की तरह कई अलग-अलग व्यवसायों में हाथ आजमाने के बजाय ऋतिक का पूरा फोकस अपने एक ही ब्रांड पर रहा है। उनकी संपत्ति में साल-दर-साल 8 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है, जो यह साबित करती है कि वे अपने पर्सनल ब्रांड को एक सफल बिजनेस में बदलने में पूरी तरह कामयाब रहे हैं।
