हॉलीवुड फिल्म 'Godzilla Minus Zero' का इंतजार कर रहे भारतीय फैंस के लिए एक बड़ी खबर सामने आ रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारत में इस फिल्म की रिलीज डेट आगे बढ़ सकती है और यह 20 नवंबर को सिनेमाघरों में दस्तक दे सकती है।
पीवीआर आईनॉक्स ने की पुष्टि
हाल ही में पीवीआर आईनॉक्स पिक्चर्स के सोशल मीडिया हैंडल पर 'Godzilla Minus Zero' का पोस्टर शेयर किया गया है। इस पोस्टर से यह साफ हो गया है कि फिल्म भारत में रिलीज होगी। पोस्टर पर 'Only in theatres this November' लिखा हुआ है, जिससे तय है कि फिल्म नवंबर के महीने में ही आएगी, हालांकि सटीक तारीख का ऐलान अभी बाकी है।
क्यों टल सकती है रिलीज?
ट्रेड सूत्रों के अनुसार, 'Godzilla Minus Zero' और 'Ramayana' दोनों ही आईमैक्स फॉर्मेट के लिए बनी फिल्में हैं। 'रामायण' एक स्थानीय फिल्म है और इसे भारत में आईमैक्स स्क्रीन्स पर दो हफ्ते की एक्सक्लूसिविटी मिल रही है। यही वजह है कि गॉडजिला माइनस जीरो को 5 नवंबर की बजाय 20 नवंबर को रिलीज किया जा सकता है, हालांकि मेकर्स 13 नवंबर पर भी विचार कर रहे हैं।
आईमैक्स में मिलेगा लिमिटेड शोकेसिंग
रिपोर्ट्स में यह भी बताया गया है कि भारत के अधिकांश आईमैक्स सिनेमाघरों में 'Godzilla Minus Zero' को केवल एक ही शो मिलने की संभावना है, क्योंकि बाकी के शोज़ 'रामायण' को आवंटित किए जाएंगे। इसके अलावा, 20 नवंबर को 'The Hunger Games: Sunrise On The Reaping' भी रिलीज होने वाली है, जिससे उस हफ्ते सिनेमाघरों में कड़ा मुकाबला देखने को मिल सकता है।
