बॉलीवुड अभिनेता अवतार गिल ने हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में दिवंगत अभिनेत्री स्मिता पाटिल को याद किया और उनके साथ जुड़ी पुरानी यादें साझा कीं। अवतार गिल ने बताया कि आज मुंबई में उनके पास जो छत है, वह स्मिता पाटिल की बदौलत ही संभव हो पाई है।
स्मिता पाटिल से ऐसे हुई थी दोस्ती
अवतार गिल ने बताया कि उन्होंने और स्मिता पाटिल ने 'गुलामी', 'वारिस', 'राही' और 'ठिकाना' जैसी फिल्मों में साथ काम किया था। एक बार एक शूटिंग के दौरान स्मिता पाटिल ने उन्हें गलती से 'वारिस' फिल्म के निर्देशक रविंदर पीपट समझ लिया था और उनके साथ मस्ती करने लगी थीं। जब गलतफहमी दूर हुई तो दोनों खूब हंसे और यहीं से उनकी गहरी दोस्ती की शुरुआत हुई।
ऐसे मिला था कलाकारों के कोटे से घर
अवतार गिल ने उस दौर को याद करते हुए बताया कि विनायक चोपड़ा की फिल्म 'ामोश' की शूटिंग के दौरान सदाशिव अमरापुरकर ने उन्हें सुझाव दिया था कि स्मिता पाटिल के पिता एक बड़े राजनेता हैं और वह चाहें तो मुख्यमंत्री कोटे से कलाकारों के लिए घर दिला सकती हैं। इसके बाद अवतार गिल ने स्मिता पाटिल से मुलाकात की और अपने दस्तावेजों के साथ पूरी बात बताई।
कुछ समय बीत जाने के बाद जब काम नहीं बना, तो एक दिन शूटिंग के दौरान अवतार गिल ने स्मिता पाटिल से कड़ाई से बात की। इसके बाद स्मिता ने तुरंत अपने पिता को फोन किया और तत्कालीन मुख्यमंत्री से अवतार गिल की मुलाकात तय करवाई।
मुख्यमंत्री के पास छूट गए थे कागजात
जब वे लोग मुख्यमंत्री के दफ्तर पहुंचे, तो अवतार गिल को याद आया कि वह अपना आवेदन पत्र घर पर ही भूल गए थे। तब स्मिता पाटिल ने अपनी सूझबूझ दिखाते हुए कार से लेटरहैड मंगवाया और वहीं नया आवेदन भरकर मुख्यमंत्री को सौंपा। इसके बाद आखिरकार अवतार गिल को कलाकारों के कोटे से एक BHK का फ्लैट मिल गया, जिसके साथ एक बड़ा टेरेस भी था।
स्मिता पाटिल का अचानक निधन
अवतार गिल ने दुख जताते हुए कहा कि स्मिता पाटिल ने एक नए कलाकार की इतनी मदद की, जबकि उन्हें उनसे कुछ नहीं चाहिए था। कुछ ही महीनों बाद अचानक स्मिता पाटिल के कोमा में जाने और उनके निधन की खबर आई, जिससे हर कोई स्तब्ध रह गया था। अवतार गिल ने कहा कि वह आज भी स्मिता पाटिल के शुक्रगुजार हैं और उन्हें एक नेकदह दिल इंसान के रूप में हमेशा याद रखेंगे।
