बॉलीवुड और साउथ फिल्मों की जानी-मानी एक्ट्रेस असिन ने फिल्मों से दूरी बनाने के बाद अपनी फैमिली लाइफ पर ध्यान दिया है। उन्होंने माइक्रोमैक्स इंफॉर्मेटिक्स के सह-संस्थापक राहुल शर्मा से शादी की थी। हाल ही में राहुल शर्मा ने अपनी बेटी के पालन-पोषण और असिन के योगदान को लेकर कई दिलचस्प बातें साझा की हैं।
बिना टीवी और फोन के पली हैं अरीन
राहुल शर्मा ने एक इंटरव्यू में बताया कि उनकी सात साल की बेटी अरीन रेयान शर्मा बिना किसी स्क्रीन टाइम के बड़ी हो रही है। उन्होंने कहा कि उन्होंने अपनी बेटी को अभी तक कोई मोबाइल फोन या टेलीविजन नहीं दिया है। उनके घर में सिर्फ किताबें ही किताबें हैं, जिनकी संख्या स्कूल से भी ज्यादा है।
12 भाषाएं बोल सकती है सात साल की अरीन
राहुल ने गर्व से बताया कि उनकी बेटी सात साल की उम्र में ही कोरियाई, जापानी, थाई और चीनी सहित करीब 12 भाषाओं को समझ और बोल सकती है। उन्होंने मजाक में कहा कि वे खुद तो अंग्रेजी और हिंदी तक ही सीमित हैं। राहुल ने इन सबका श्रेय अपनी पत्नी असिन को दिया है।
असिन को बताया अपनी जिंदगी का सबसे अहम फैसला
इसी बातचीत के दौरान राहुल शर्मा ने असिन के साथ अपने रिश्ते पर भी बात की। उन्होंने असिन से शादी को अपनी जिंदगी का सबसे महत्वपूर्ण फैसला बताया। राहुल ने कहा कि असिन ने मुश्किल समय में उनका हमेशा साथ दिया और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। बता दें कि असिन ने साल 2016 में राहुल शर्मा से शादी की थी और अक्टूबर 2017 में उनकी बेटी का जन्म हुआ था।
