मुंबई इस साल के सबसे बड़े ग्लोबल इवेंट्स में से एक की मेजबानी करने के लिए पूरी तरह तैयार है, और बॉलीवुड अभिनेत्री आलिया भट्ट इस ऐतिहासिक पल का हिस्सा बनने जा रही हैं। एक एक्टर, प्रोड्यूसर और आंत्रप्रेन्योर के रूप में पहचानी जाने वाली आलिया को अर्थशॉट प्राइज 2026 अवार्ड्स नाइट के लिए आधिकारिक तौर पर प्रेजेंटर के रूप में कंफर्म किया गया है। वह इस समारोह के पांच पुरस्कारों में से एक विजेता को अपने हाथों से सम्मानित करेंगी। यह पहली बार है जब पर्यावरण के क्षेत्र में दिया जाने वाला यह प्रतिष्ठित सम्मान भारत आया है.
कई ग्लोबल और नेशनल हस्तियां लेंगी हिस्सा
इस खास शाम में केवल आलिया भट्ट ही एकमात्र बड़ा नाम नहीं होंगी, बल्कि वह ऑस्कर विजेता अभिनेता Rami Malek, क्रिकेट के लीजेंड सचिन तेंदुलकर, ब्रिजरटन फेम अभिनेत्री सिमोन एशले और अभिनेत्री सोनम कपूर के साथ मंच साझा करेंगी। इस शानदार शाम की मेजबानी फिल्ममेकर करण जौहर करेंगे। आगामी 17 नवंबर को मुंबई के एक गुप्त वेन्यू पर होने वाले इस कार्यक्रम में फिल्म, संगीत, खेल और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े लगभग 5,000 मेहमानों के शामिल होने की उम्मीद है.
प्रिंस विलियम द्वारा की गई थी शुरुआत
प्रिंस विलियम द्वारा साल 2020 में शुरू किया गया अर्थशॉट प्राइज पर्यावरण के क्षेत्र में बेहतरीन नेतृत्व की पहचान करने और उसे सम्मानित करने के लिए बनाया गया था। इसका मुख्य उद्देश्य एक दशक में ऐसे 50 विजेताओं की खोज करना है, जिनके पास पृथ्वी को बेहतर बनाने की क्षमता हो। इस साल का यह समारोह अपने आप में एक मील का पत्थर साबित होगा, क्योंकि यह पहली बार प्राइम वीडियो पर ग्लोबली स्ट्रीम किया जाएगा, जिससे 240 से अधिक देशों के दर्शक 40 से अधिक भाषाओं में इसका आनंद ले सकेंगे.
इस आयोजन का हिस्सा बनने को लेकर अपनी खुशी जाहिर करते हुए आलिया भट्ट ने कहा कि अर्थशॉट प्राइज उम्मीद के बारे में है, लेकिन ऐसी उम्मीद जो नए विचारों, एक्शन और उन लोगों के साथ आती है जो आगे बढ़ने के नए रास्ते तलाश रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि दुनिया भर में लोग हमारी धरती की रक्षा के लिए अद्भुत काम कर रहे हैं, और मुंबई में इन सभी लोगों का एक साथ आना बेहद खास अनुभव है.
