Breaking

अजय देवगन और काजोल के जुहू बंगले पर बीएमसी का नोटिस, सैलून और स्पा के काम पर रोक

अजय देवगन और काजोल के जुहू बंगले पर बीएमसी ने स्टॉप-वर्क नोटिस जारी किया है।

अजय देवगन और काजोल के जुहू बंगले पर बीएमसी का नोटिस, सैलून और स्पा के काम पर रोक

बॉलीवुड अभिनेता अजय देवगन और अभिनेत्री काजोल का जुहू स्थित बंगला कानूनी पचड़े में फंस गया है। बृहन्मुंबई महानगरपालिका यानी बीएमसी ने इस प्रॉपर्टी पर चल रहे एक सैलून और स्पा के काम को लेकर स्टॉप-वर्क नोटिस जारी किया है। यह कार्रवाई कॉपोर्रेट और रेजिडेंशियल विवाद के बीच सामने आई है।

सोसाइटी ने जताई थी आपत्ति

यह पूरा मामला तब शुरू हुआ जब कॉपोल को-ऑपरेटिव हाउसिंग सोसाइटी ने इस रेजिडेंशियल प्रॉपर्टी पर कमर्शियल गतिविधियों के इस्तेमाल को लेकर आपत्ति जताई। सोसाइटी ने बीएमसी से शिकायत की थी कि बंगले में सैलून और स्पा का काम चल रहा है, जिसके बाद बीएमसी के के-वेस्ट वार्ड के अधिकारियों ने दस्तावेजों की मांग की।

देवगन कैंप का पक्ष

प्रॉपर्टी के दस्तावेजों और कमर्शियल परमिशन को लेकर बीएमसी का कहना है कि जब अनुमति मांगी गई तब जरूरी कागजात पेश नहीं किए गए, जिसके चलते यह नोटिस जारी करना पड़ा। वहीं, अजय देवगन की टीम का दावा है कि इस प्रोजेक्ट से जुड़े सभी जरूरी अप्रूवल और परमिशन पहले ही संबंधित अधिकारियों से ले लिए गए हैं।

पांच साल का है एग्रीमेंट

रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस बंगले को फ्लोरियन हुरेल सैलून प्राइवेट लिमिटेड को पांच साल के लिए लीज और लाइसेंस एग्रीमेंट पर दिया गया है। रेजिडेंट्स का कहना है कि इस कमर्शियल गतिविधि से इलाके में भीड़भाड़, पार्किंग और सुरक्षा जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं, क्योंकि वहां की अंदरूनी सड़कें काफी संकरी हैं। फिलहाल, देवगन परिवार ने इस नोटिस का जवाब देने के लिए चार हफ्ते का समय मांगा है।

Continue Reading • For You