फिल्म जगत में अपनी मेहनत और दमदार अभिनय से पहचान बनाने वाले अभिनेता अंकित सिवाच अब एक नए सफर पर निकल पड़े हैं। फरहान अख्तर की फिल्म 120 Bahadur और Heartbeats में नजर आ चुके अंकित ने अब खुद को एक फिल्म निर्माता के रूप में स्थापित कर लिया है। उन्होंने अपने बैनर Aquatur Studios की शुरुआत की है और अपनी इस पैशन प्रोजेक्ट के लिए अपनी जिंदगी की पूरी पूंजी लगा दी है।

बनारस के घाटों से शुरू होगी शूटिंग
अंकित सिवाच के इस नए पैशन प्रोजेक्ट का पहला शेड्यूल उत्तर प्रदेश के वाराणसी यानी बनारस के घाटों से शुरू होने जा रहा है। इस फिल्म के लिए अंकित ने जबरदस्त शारीरिक बदलाव किया है। उन्होंने अपने किरदार में ढलने के लिए करीब 20 किलोग्राम वजन घटाया है, जो उनके समर्पण को साफ तौर पर दर्शाता है।

क्यों उठाया यह बड़ा कदम?
अपने इस फैसले के बारे में बात करते हुए अंकित ने बताया कि वह सही मौके का इंतजार करने वालों में से नहीं हैं। इंडस्ट्री में काम मांगने के बजाय उन्होंने खुद अपने लिए मौके पैदा करने का फैसला किया है। पिछले 15-20 सालों में सेट पर सीखे गए अपने अनुभवों को वह इस फिल्म में झोंक रहे हैं। उनका मानना है कि यह सिर्फ एक प्रोजेक्ट नहीं बल्कि सिनेमा बनाने की दिशा में उनका एक कदम है।

रिस्क उठाने से पीछे नहीं हटे अंकित
एक फीचर फिल्म के लिए अपनी गाढ़ी कमाई दांव पर लगाना आसान नहीं होता। इस बारे में अंकित का कहना है कि उन्होंने इसमें सिर्फ पैसा ही नहीं, बल्कि अपने कई सालों की कड़ी मेहनत और विश्वास को भी निवेश किया है। इस प्रोजेक्ट में जोखिम जरूर है, लेकिन वह हाथ पर हाथ धरे बैठने के बजाय उस कहानी के लिए जोखिम उठाना बेहतर समझते हैं, जिसमें उन्हें पूरा विश्वास है।
आगामी प्रोजेक्ट्स
फिल्म निर्माण के अलावा अंकित अभिनय के मोर्चे पर भी पूरी तरह सक्रिय हैं। वह जल्द ही रितेश शाह की आने वाली जियोहॉटस्टार थ्रिलर फिल्म Dhaai Chaal में एक खतरनाक खलनायक की भूमिका में नजर आने वाले हैं।
