महोबा में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, अवैध लकड़ी और बिना लाइसेंस आरा मशीन सीज

महोबा में वन विभाग ने अवैध लकड़ी के कारोबार और बिना लाइसेंस चल रही आरा मशीन पर छापा मारकर भारी मात्रा में लकड़ी बरामद की है।

by NEHA RAJPUT

महोबा में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, अवैध लकड़ी और बिना लाइसेंस आरा मशीन सीज

उत्तर प्रदेश के महोबा जिले के श्रीनगर क्षेत्र में अवैध लकड़ी के कारोबार और बिना लाइसेंस संचालित आरा मशीनों के खिलाफ वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। डीएफओ देवाशीष जैना के निर्देश पर प्रवर्तन टीम ने तीन अलग-अलग स्थानों पर औचक छापेमारी की, जिससे लकड़ी कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।

क्रेशर के पास बने भंडारण स्थलों पर छापेमारी

वन विभाग की टीम ने श्रीनगर-बेलाताल मार्ग पर ननोरा के पास चितैया और ढुडैया गांवों के बीच तथा क्रेशर के पास बने लकड़ी के भंडारण स्थलों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई की। मौके पर भारी मात्रा में लकड़ी के ढेर पाए गए, जिन्हें विभाग ने अपने कब्जे में ले लिया है। टीम अब लकड़ी के स्रोत और परिवहन से जुड़े वैध दस्तावेजों की जांच कर रही है।

बिना लाइसेंस चल रही आरा मशीन सीज

कार्रवाई के दौरान श्रीनगर कस्बे के मनोहरगंज मोहल्ले में बड़े तालाब के पास बिना वैध लाइसेंस के संचालित एक आरा मशीन भी पकड़ी गई। मौके से नीम समेत अन्य प्रतिबंधित प्रजाति की लकड़ी बरामद हुई है। वन विभाग ने आरा मशीन को सीज करते हुए उसके पार्ट्स भी कब्जे में ले लिए हैं।

मशीन संचालकों पर दर्ज हुआ केस

डीएफओ देवाशीष जैना ने बताया कि अवैध रूप से आरा मशीन संचालित होने की सूचना पर यह कार्रवाई की गई है। मशीन संचालकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और नियमानुसार जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी। सहयोग न मिलने पर आगे एफआईआर भी दर्ज कराई जा सकती है।

Related Articles

These articles might be interesting for you as well: