HDFC बैंक को बड़ा झटका, 31 साल बाद उप प्रबंध निदेशक कैजाद भरूचा छोड़ रहे हैं पद

HDFC बैंक के उप प्रबंध निदेशक कैजाद भरूचा 31 साल की लंबी सेवा के बाद 31 दिसंबर 2026 को अपना पद छोड़ देंगे।

by NIDHI JANGIR

HDFC बैंक को बड़ा झटका, 31 साल बाद उप प्रबंध निदेशक कैजाद भरूचा छोड़ रहे हैं पद

देश के सबसे बड़े निजी बैंकों में शुमार HDFC बैंक में सीनियर नेतृत्व में बड़े बदलाव की खबरें आ रही हैं। बैंक के उप प्रबंध निदेशक कैजाद भरूचा करीब 31 साल तक अपनी सेवाएं देने के बाद इस पद को छोड़ने जा रहे हैं। बैंक की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, भरूचा ने 31 दिसंबर 2026 से अपनी सेवाएं समाप्त करने का अनुरोध किया है। हालांकि, उनके इस फैसले के पीछे की आधिकारिक वजह अभी सामने नहीं आई है।

कौन हैं कैजाद भरूचा?

60 वर्षीय कैजाद भरूचा बैंकिंग सेक्टर का एक जाना-पहचाना नाम हैं। उनका बैंकिंग करियर साल 1986 में शुरू हुआ था। HDFC बैंक से जुड़ने से पहले उन्होंने 1986 से 1995 तक SBI कमर्शियल एंड इंटरनेशनल बैंक में काम किया था। इसके बाद अक्टूबर 1995 में वे HDFC बैंक से जुड़े और बैंक के कारोबार को विस्तार देने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने मुंबई के सिडेनहैम कॉलेज से कॉमर्स में ग्रेजुएशन किया है और उनके पास 39 साल से ज्यादा का बैंकिंग अनुभव है। अप्रैल 2023 में उन्हें बैंक का उप प्रबंध निदेशक बनाया गया था।

HDFC लिमिटेड के विलय में निभाई अहम भूमिका

कैजाद भरूचा के करियर का एक बड़ा पड़ाव साल 2023 में HDFC लिमिटेड का HDFC बैंक में विलय रहा है। इस बड़े विलय के बाद दोनों संस्थाओं के कामकाज को सफलतापवूर्वक एक साथ लाने में भरूचा ने महत्वपूर्ण योगदान दिया था। उन्होंने एकीकरण समिति की सह-अध्यक्षता भी की थी। इसके अलावा बैंक के क्रेडिट सिस्टम, जोखिम प्रबंधन, कॉर्पोरेट बैंकिंग और खुदरा ऋण कारोबार को मजबूत करने में भी उनकी अहम भूमिका रही है।

Related Articles

These articles might be interesting for you as well: