दिल्ली के द्वारका में हैरान करने वाला मामला, घर के बेड के अंदर से मिले गांजे के 49 पैकेट
दिल्ली के द्वारका में पुलिस ने छापेमारी कर एक मकान के बेड से 49 पैकेट गांजा बरामद किया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
by NEHA RAJPUT
दिल्ली के द्वारका जिले में पुलिस ने गांजा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस को छापेमारी के दौरान गांजा छिपाने का एक ऐसा तरीका मिला, जिसे देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए। तस्करों ने घर के बेड के अंदर बने स्टोरेज बॉक्स का इस्तेमाल गांजा रखने के लिए किया था। मोहन गार्डन के सिद्धार्थ एन्क्लेव स्थित एक मकान के बेड से पुलिस ने 49 पैकेट गांजा बरामद किया है, जिनका कुल वजन 52.32 किलो है।
पुलिस ने तीन चरणों में की कार्रवाई
द्वारका जिले की AATS टीम को इस मामले में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस के मुताबिक, 7 अक्टूबर को नजफगढ़ की अग्रवाल कॉलोनी के पास एक संदिग्ध व्यक्ति स्कूटी छोड़कर फरार हो गया था। जब पुलिस ने स्कूटी की डिक्की की तलाशी ली, तो उसमें से 1.855 किलो गांजा बरामद हुआ। इस मामले में बाबा हरिदास नगर थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की गई थी।
गिरफ्तारी और बरामदगी
जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने 10 अक्टूबर को नजफगढ़ के रहने वाले 45 वर्षीय बलबीर को गिरफ्तार किया, जिसके पास से 200 ग्राम गांजा मिला। पूछताछ के दौरान बलबीर ने मोहन गार्डन के सिद्धार्थ एन्क्लेव स्थित मकान में गांजा छिपाए जाने का खुलासा किया। इसी जानकारी के आधार पर पुलिस ने 11 अक्टूबर को उस मकान पर छापा मारा और बेड के अंदर से 49 पैकेट बरामद किए। इस दौरान 35 वर्षीय रंजू नाम की महिला को भी गिरफ्तार किया गया है।
कुल 54 किलो से ज्यादा गांजा बरामद
पुलिस की इस पूरी कार्रवाई में कुल 54.375 किलो गांजा बरामद किया गया है। इसमें स्कूटी से मिला गांजा, बलबीर के पास से मिला गांजा और बेड के अंदर छिपाया गया गांजा शामिल है। द्वारका के डीसीपी कुशल पाल सिंह के मुताबिक, पुलिस अब इस अवैध नेटवर्क के मुख्य सरगना और गांजे की सप्लाई करने वालों की तलाश कर रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
Related Articles
These articles might be interesting for you as well: