सर्दियों से पहले CM योगी के सख्त निर्देश, हाईवे और एक्सप्रेसवे पर तैनात होंगी एंबुलेंस
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सर्दियों में कोहरे के हादसों को रोकने के लिए हाईवे और एक्सप्रेसवे पर एंबुलेंस तैनात करने के निर्देश दिए हैं।
by NEHA RAJPUT
सर्दियां आने से पहले कोहरे और शीतलहर में होने वाले हादसों से बचाव के लिए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को कड़े निर्देश जारी किए हैं। सीएम ने सड़क हादसों को रोकने के लिए हाईवे और एक्सप्रेसवे पर दुर्घटना संभावित जगहों के आसपास एंबुलेंस, पेट्रोलिंग और रेस्क्यू गाड़ियां तैनात करने के आदेश दिए हैं। इसके साथ ही कोहरे में सड़क साफ दिखाई दे, इसके लिए रिफ्लेक्टिव, कैट्स आई और सफेद पट्टियों को ठीक करवाने के निर्देश दिए गए हैं।
राहत आयुक्त को दिए गए निर्देश
राहत आयुक्त डॉ. हृषिकेश भास्कर यशोद ने इस संबंध में संबंधित विभागों और संस्थाओं को सड़क सुरक्षा से जुड़े इंतजाम समय से पूरे करने को कहा है। सीएम योगी ने राष्ट्रीय राजमार्ग, राज्य राजमार्ग और एक्सप्रेसवे पर दुर्घटना संभावित स्थलों के पास एंबुलेंस और रेस्क्यू वाहन खड़े रखने के निर्देश दिए हैं, ताकि दुर्घटना होने पर राहत और बचाव कार्य में देरी न हो और घायलों को समय पर अस्पताल पहुंचाया जा सके।
रिफ्लेक्टिव चिह्नों और साइन बोर्ड की होगी जांच
कोहरे में सड़क की सीमा और दिशा का अंदाजा लगाने के लिए बॉर्डर लाइन और सड़क के बीच बनी सफेद पट्टियों को ठीक करवाया जाएगा। धूल से ढकी और मिट चुकी पट्टियों को दुरुस्त किया जाएगा। इसके अलावा रिफ्लेक्टिव चिह्नों, कैट्स आई और साइन बोर्ड की जांच होगी। प्रमुख चौराहों, तिराहों और मोड़ों पर स्टॉप लाइन और जेब्रा क्रॉसिंग को भी ठीक किया जाएगा।
अनफिट वाहनों पर होगी सख्त कार्रवाई
सड़क हादसों की रोकथाम के लिए अनफिट और सुरक्षा मानकों पर खरे नहीं उतरने वाले वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए परिवहन विभाग और यातायात पुलिस मिलकर संयुक्त अभियान चलाएंगे। प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि घने कोहरे में गाड़ी की गति नियंत्रित रखें और आगे चल रहे वाहन से उचित दूरी बनाए रखें।
Related Articles
These articles might be interesting for you as well: