Unaccustomed Earth Trailer: फ्रीडा पिंटो और सिद्धार्थ की नई सीरीज का ट्रेलर रिलीज, इस दिन होगी नेटफ्लिक्स पर प्रीमियर
झुम्पा लाहिड़ी की किताब पर आधारित सीरीज 'अनअकस्टमड अर्थ' का ट्रेलर रिलीज हो गया है। इसमें फ्रीडा पिंटो और सिद्धार्थ मुख्य भूमिका में हैं।
by SNEHA SHARMA
किताबों पर आधारित फिल्मों और वेब सीरीज का दर्शकों को हमेशा से इंतजार रहता है। अब प्रसिद्ध लेखिका झुम्पा लाहिड़ी के वर्ष 2008 के चर्चित कहानी संग्रह 'अनअकस्टमड अर्थ' को एक आठ-एपिसोड की सीरीज के रूप में पर्दे पर उतारा जा रहा है। इस सीरीज में मुख्य भूमिकाओं में अभिनेत्री फ्रीडा पिंटो और अभिनेता सिद्धार्थ नजर आएंगे, जो पुरानी यादों और टूटे रिश्तों को एक नई कहानी में पिरोते दिखेंगे।
अनअकस्टमड अर्थ का ट्रेलर और कहानी
ट्रेलर की शुरुआत में फ्रीडा पिंटो को पारुल चौधरी के रूप में दिखाया गया है, जो एक भारतीय-अमेरिकी विवाहित महिला और मां हैं। कैंसर का पता चलने के बाद वह मुंबई से अमेरिका के कैंब्रिज लौटती हैं। यह बदलाव उन्हें उनके अतीत की यादों के करीब ले आता है, जहां उनका सामना सिद्धार्थ द्वारा निभाए गए पुराने प्यार से होता है। अरेंज मैरिज के चलते दोनों अलग हो गए थे। जैसे ही दोनों फिर से मिलते हैं, पुरानी भावनाएं और कश्मकश फिर से जाग जाती हैं, जिससे पारुल के जीवन में नए मोड़ आते हैं।
कलाकार और निर्माता
इस आठ एपिसोड की फैमिली ड्रामा सीरीज को माधुरी शेखर ने लिखा और बनाया है। मुख्य कलाकारों में फ्रीडा पिंटो और सिद्धार्थ के अलावा सरयू ब्लू, इंद्रनील सेनगुप्ता, आदि रॉय और आयला सुंदरसिंह मैक्काईग भी शामिल हैं। सीरीज का निर्देशन और निर्माण रितेश बत्रा ने भी किया है, जो इरफान खान की फिल्म द लंचबॉक्स के लिए जाने जाते हैं।
कब होगी रिलीज
झुम्पा लाहिड़ी की इससे पहले द नेम्सैक किताब पर भी फिल्म बन चुकी है, जिसे मीरा नायर ने निर्देशित किया था। अब इस नई सीरीज 'अनअकस्टमड अर्थ' का प्रीमियर आगामी 17 दिसंबर को नेटफ्लिक्स पर किया जाएगा।
Related Articles
These articles might be interesting for you as well: