कार्तिक आर्यन की फिल्म Naagzilla के मेकर्स को लगा 3.92 करोड़ का चूना, 3 एग्जीक्यूटिव्स की जमानत खारिज

फिल्म Naagzilla के प्रोडक्शन में 3.92 करोड़ रुपये के गबन का मामला सामने आया है। मुंबई कोर्ट ने तीन आरोपियों की अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी है।

by NEHA RAJPUT

कार्तिक आर्यन की फिल्म Naagzilla के मेकर्स को लगा 3.92 करोड़ का चूना, 3 एग्जीक्यूटिव्स की जमानत खारिज

कार्तिक आर्यन की आने वाली फैंटेसी-एडवेंचर कॉमेडी फिल्म Naagzilla के मेकर्स को बड़ा झटका लगा है। फिल्म के प्रोडक्शन के दौरान कथित तौर पर 3.92 करोड़ रुपये से ज्यादा की वित्तीय अनियमितता और गबन का मामला सामने आया है। इस मामले में मुंबई की एक सेशन कोर्ट ने तीन प्रोडक्शन एग्जीक्यूटिव्स की अग्रिम जमानत याचिकाओं को खारिज कर दिया है। कोर्ट का मानना है कि मामले की विस्तृत जांच के लिए आरोपियों से हिरासत में पूछताछ जरूरी है।

किन आरोपियों पर कसा शिकंजा?

दिंडोशी कोर्ट के अतिरिक्त सेशन जज एम मोहीउद्दीन ने सुनवाई के दौरान कहा कि प्रथम दृष्टया ऐसे सबूत मिले हैं जो आरोपियों की संलिप्तता की ओर इशारा करते हैं। जिन तीन आरोपियों के नाम सामने आए हैं, उनमें सलाहकार और हस्ताक्षर प्राधिकारी कुलदीप सिंह चंपावत (47), सेवा प्रदाता और कार्यकारी निर्माता महिपाल करण राठौर (42), और लाइन प्रोड्यूसर शिवकुमार तिवारी (45) शामिल हैं।

क्या है पूरा मामला?

यह शिकायत महावीर जैन फिल्म्स प्राइवेट लिमिटेड के अकाउंटेंट तुकाराम महादेव सावंत द्वारा दर्ज कराई गई थी। शिकायत के मुताबिक, महावीर जैन फिल्म्स ने पिछले साल 30 अक्टूबर को Naagzilla के निर्माण के लिए धर्मा प्रोडक्शंस के साथ समझौता किया था। प्रोडक्शन व्यवस्था के तहत कुलदीप सिंह चंपावत को काम सौंपा गया था, जिन्होंने महिपाल और शिवकुमार को टीम में शामिल किया था।

अभियोजन पक्ष का आरोप है कि इन तीनों ने मिलकर कंपनी की मानक प्रक्रियाओं को दरकिनार किया और बिना किसी उचित बिल या सहायक दस्तावेजों के 3,92,76,308 रुपये के खर्च बढ़ा दिए। इसके अलावा, वेंडर के फर्जी बिल और इनवॉइस तैयार करने के भी आरोप हैं।

फिल्म से जुड़ी अन्य जानकारी

मिघदीप सिंह लांबा द्वारा निर्देशित और गौतम मेहरा द्वारा लिखित फिल्म Naagzilla में कार्तिक आर्यन एक इच्छाधारी नाग के मुख्य किरदार में नजर आएंगे। फिल्म में प्रीति मुखुंधन भी हैं। धर्मा प्रोडक्शंस और महावीर जैन फिल्म्स के बैनर तले बन रही यह फिल्म 12 फरवरी 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए शेड्यूल है।

Related Articles

These articles might be interesting for you as well: